महराजगंज। नौतनवा कस्बे में खनुआ तिराहा के पास तहसील रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार रात इलाज के दौरान 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
मधुबन नगर वार्ड निवासी विनोद (36) को मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक सांस फूलने की शिकायत हुई। पिता ओमप्रकाश के अनुसार, वह अपने बेटे को इलाज के लिए तहसील रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में विनोद को इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क जाम कर हंगामा भी किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों और वहां मौजूद लोगों को शांत कराया। विनोद की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।