Maharajganj News: सोनौली सीमा पर मंडलायुक्त और डीआईजी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

    03-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
गोरखपुर जोन के मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक एस चन्नप्पा ने गुरुवार को महराजगंज जिले में भारत-नेपाल की सोनौली सीमा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने सोनौली सीमा के नोमैन्सलैण्ड का जायजा लिया। इसके बाद एसएसबी की सीमा चौकी पर एसएसबी, पुलिस, कस्टम, इमीग्रेशन और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।


इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट और बहुउद्देशीय हब का निरीक्षण
दोनों अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही गोरखपुर-सोनौली नेशनल हाईवे 29 पर बॉर्डर के पास मुडिला गांव में बन रहे बहुउद्देशीय हब के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

सीमा अधिकारियों से समस्याओं की जानकारी ली
मीडिया से बातचीत में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बॉर्डर पर तैनात एसएसबी और इमीग्रेशन अधिकारियों से उनकी समस्याओं को लेकर जानकारी लिया गया। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद सामने आ रही दिक्कतों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से बॉर्डर क्षेत्र में कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत बताई गई है, जिस पर काम किया जाएगा। मंडलायुक्त के अनुसार, नेपाल में आई आपदा को लेकर विदेश मंत्रालय नेपाल के संपर्क में है।

नेपाल के अधिकारियों को सौंपे गए शव
मंडलायुक्त ने बताया कि नेपाल के कुछ लोगों के शव बहकर भारतीय क्षेत्र में आए थे। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक नेपाल के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि नेपाल की आपदा में पूर्वांचल के कुछ लोग लापता हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। आपदा से प्रभावित लोगों की पूरी संवेदनशीलता के साथ मदद की जा रही है।



मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।