Maharajganj News: बहादुरी बाजार में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से भिड़ी, चालक गंभीर घायल

    05-Sep-2026   
Total Views |

महराजगंज।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार (Bahaduri Bazar) में शनिवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार मुर्गियों से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर बाजार में खड़ी दूसरी पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसके बाद पिकअप लाइट पोल से भी जा भिड़ी, जिससे पोल टूट गया।

हादसे के दौरान पिकअप चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के बाजारवासी मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया।

गंभीर घायल चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए लक्ष्मीपुर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोल्हुई पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद बहादुरी बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण पिकअप के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।




मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।