महराजगंज। गुस्से में इंसान कुछ भी कर सकता है इसी तर्ज पर एक मामला सामने आया है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महुआ-महुई गांव में मंगलवार की आधी रात शराब पीने के लिए गिलास व पानी मांगने से मना करने पर बौखलाए शख्स ने एक युवक को गोली मार दी। इस घटना में युवक घायल हो गया। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर 12 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित युवक अजीत सिंह (29) श्यामदेउरवा थाना के परसिया इंदरपुर गांव का रहने वाला है। मंगलवार की रात वह क्षेत्र के ही महुआ महुई गांव में अपने परिचित महेंद्र गौड़ के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाया। फाटक खुलने पर बोला कि शराब पीनी है। उसे गिलास व पानी चाहिए। दोस्त बोला कि आधी रात हो गई है। शराब पीना है तो घर जाकर आराम से पियो। इसी बात को कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोपित ने युवक को धक्का मार दिया, जिससे वह गिर गया। आरोप है कि वहां से तिलमिला कर घर गया और वहां से तमंचा लेकर आया। दोस्त को गोली मार दी। बांह में गोली लगने से वह घायल हो गया।
गोली मारने वाले आरोपित अजीत सिंह के खिलाफ पहले भी गोरखपुर जिला के पिपराइच, गुलहरिया व महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज है। श्यामदेउरवा पुलिस उसके खिलाफ यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में कतरारी चौकी इंचार्ज राम रतन यादव, एसआई अंकित श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत तिवारी, कांस्टेबल अनुराग यादव, भीमल यादव, इस्तेयाक अंसारी की टीम ने विद्युत उपकेंद्र भटहट के पीछे जाने वाली नहर के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवक की बहन की तहरीर पर आरोपित अजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस, स्कूटी बरामद किया गया है। केस दर्ज करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।