मृत व्यक्ति की इस तरह संपत्ति हड़पने की साजिश, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज। घुघली थाना पुलिस ने संपत्ति हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय गंगाप्रसाद शुक्ल को बारीगाँव चौराहे से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिपरा ब्राम्हण का निवासी है और उस पर एक मृत व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर कर न्यायालय में जाली दस्तावेज प्रस्तुत करने का आरोप है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह के नेतृत्व में टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ घुघली थाने में मुकदमा संख्या 26/2024 दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419 (प्रतिरूपण), 420 (धोखाधड़ी), 467 (फर्जी दस्तावेज बनाना), 468 (धोखाधड़ी के लिए कूटरचना), और 471 (फर्जी दस्तावेज का उपयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बारीगाँव चौराहे पर मौजूद है, जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।