दाह संस्कार में जाना पड़ा भारी, ट्रैक्टर से दबकर युवक की मौत

महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के झुलनीपुर में सोमवार की शाम को दाह संस्कार करने गए एक युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर मौत हो गई। मृतक उसी ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठकर आ रहा था। वह ट्रैक्टर पर बैठा था। इस बीच चालक ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया, जिससे वह नीचे गिर गया और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम पचमा बड़का टोला निवासी अशोक (40) की रिश्तेदारी परागपुर गांव में है। उसकी रिश्तेदारी में किसी की मौत हो गई थी। वहां से वह दाह संस्कार में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से नारायणी नहर के तेरह-चार पुल पर गया था। दाह संस्कार के बाद शाम सात बजे सभी लोग वापस आने लगे। वह जिस ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठा था, उस पर उसका कोई परिचित व्यक्ति नहीं था। ट्रॉली पर बैठकर आने के बाद झुलनीपुर में कुछ देर रुकने के बाद जब ट्रैक्टर ट्रॉली चलने लगी, तब अशोक ट्रैक्टर पर बैठ गया।

इस बीच ट्रैक्टर जब चलने लगा तो वह नीचे गिर गया और ट्रॉली से दब गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक और उसके साथ के लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस बीच सूचना पाकर मृतक के परिजन भी पहुंच गए।

मृतक अशोक के दो बेटे हैं और वह अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह गांव में लेबर का काम करता था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।