महराजगंज। कोरोना काल में हज कमेटी ऑफ इंडिया ने 0-12 वर्ष तक बच्चों की हज यात्रा पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब हज कमेटी ने बच्चों की हज यात्रा पर रोक हटा ली है। जिले में हज यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए हज कमेटी पूरी कोशिश कर रही है। परिजनों को पांच वर्ष तक के अपने बच्चों को यात्रा कराने पर किराया नहीं देना पड़ेगा।
जिले में कोटा का झंझट समाप्त होने के बाद भी हज यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ रही है। वर्ष-2025 में हज यात्रा के लिए केवल 56 लोगों ने आवेदन किया है। ई-सुविधा केंद्र/ हज फैसिलीटेशन सेंटर से जुड़े हुए असलम ने बताया कि किराया की महंगाई से हज यात्री परेशान हैं। ऐसे में पहले की अपेक्षा बहुत ज्यादा लोग हज यात्रा नहीं कर रहे हैं। बताया कि जिले के हज यात्रियों से पहली किस्त के रूप में एक लाख 30 हजार 300 रुपये जमा करा लिया है। हज यात्रियों को दूसरी किस्त रूप में 1,42500 रुपये जमा करना होगा।
जिला हज ट्रेनर हाजी सैफुद्दोजा ने बताया कि वर्ष-2025 की हज यात्रा में 65 वर्ष के अधिक जायरीनों के अकेले जाने पर रोक हटा लिया गया है। पहले यह आयु सीमा 70 वर्ष थी। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण में सम्पर्क किया जा सकता है।
मक्का-मदीना की यात्रा के प्रति लोगों का क्रेज वर्ष-2017 के बाद काफी घट गया। वर्ष-2017 में महराजगंज से 325 लोगों को हज के लिए भेजा गया था। वहीं वर्ष-2018 में 267 लोग हज पर गए थे। पर वर्ष-2019 में मक्का- मदीना की यात्रा पर अधिक खर्च होने के कारण लोगों की संख्या काफी घट गई।
पूरे जिले से केवल 175 लोगों ने ही हज यात्रा पर जाने के लिए आवेदन किया था। वहीं वर्ष-2020 में 208 लोगों के आवेदन करने के बाद कोरोना आपदा ने समस्या बढ़ा दी। कोरोना के कारण हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा को कैंसिल कर दिया। कोरोना के कारण 2021 में भी जिले के किसी भी व्यक्ति ने हज यात्रा नहीं की। पर वर्ष 2022 में हज यात्रा शुरु होने के बाद भी केवल 46 लोग हज पर गए थे।
वहीं दो वर्ष बाद वर्ष 2023 में हज यात्रियों की संख्या बढ़कर 169 पहुंच गई। वहीं वर्ष 2024 की हज यात्रा में भी लोगों द्वारा रुचि नहीं लेने से स्थित फिर खराब हो गई। पूरे जिले से सिर्फ 161 लोग ही हज पर गए थे।
कोरोना आपदा ने दो साल तक हज यात्रियों के मनोबल को तोड़ने का काम किया। अब महंगाई से हज यात्रियों की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। 12 वर्ष तक के बच्चों की हज यात्रा पर भी रोक हटा लिया गया है।