तय थी शादी, 4 साल किया शारीरिक शोषण और अब शादी से इन्कार

महराजगंज। शादी तय होने के बाद ही श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक का कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक गांव में ससुराल आना जाना शुरू हो गया। झांसा देकर वह होने वाली पत्नी का चार वर्षों से यौन शोषण करता रहा। वह अपनी इच्छा अनुसार उसे घुमाता भी था। अब वह शादी करने से आनाकानी कर रहा है। मामले में युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने श्यामदेउरवां पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार वर्ष पूर्व बेटी की शादी श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले रिश्तेदार के यहाँ तय की थी। शादी तय होने के बाद से ही युवक घर आने जाने लगा। वह बेटी को इधर-उधर घुमाने भी ले जाता था। शादी का झांसा देकर वह बेटी के साथ शारीरिक संबंध भी बनाता रहा।

इस बीच उसने हमसे 55 हजार रुपये भी ले लिया। अब जब हम लोग शादी करने के लिए कह रहे हैं तो वह आनाकानी कर रहा है। काफी समझाने बुझाने के बाद भी जब वह शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ तो 24 फरवरी को मैं अपने दोनों बेटियों के साथ युवक के घर पहुंचीं। युवक घर पर नहीं मिला। वहां उसकी मां और दो भाई मिले जिन्होंने शादी करने से इंकार करते हुए जानमाल की धमकी देकर भगा दिया। गांव में पता चला कि आरोपी दूसरे धर्म की लड़की से शादी रचा लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।