पनियरा। क्षेत्र के एक गांव में दो बच्चों की मां ने प्रेमी की शादी तय होने से आहत होकर बुधवार दोपहर कीटनाशक खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। महिला ने इससे पहले पुलिस को तहरीर देकर प्रेमी पर कार्रवाई की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय महिला का गांव के ही 22 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर मिला करते थे। इसी बीच युवक की शादी कहीं और तय हो गई। बावजूद इसके, वह सोमवार रात महिला से मिलने उसके घर पहुंच गया। महिला ने उसे घर में देखकर नाराजगी जताई और उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
घबराए युवक ने सब्बल से दरवाजा तोड़ा और महिला का मोबाइल व अन्य सामान लेकर भाग गया। अगले दिन महिला ने मुजुरी चौकी में तहरीर देकर युवक से शादी कराने या उस पर केस दर्ज करने की मांग की। गांव के कुछ लोगों ने महिला को लोकलाज का हवाला देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
बुधवार दोपहर महिला ने कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति मुंबई में काम करता है और घटना के दिन ही वह घर लौटा था। थानाध्यक्ष पनियरा निर्भय कुमार सिंह ने फिलहाल तहरीर न मिलने की बात कही है।