कुशीनगर। कुशीनगर के हाटा में मदनी मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई के बाद पुलिस कस्बे में सक्रिय नजर आई। इसे लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विपक्षी दलों ने प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मौके का जायजा लिया।
राधेश्याम सिंह ने कहा कि प्रशासन ने सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि 29 डिसमिल जमीन बैनामे की है, जिसमें 28 डिसमिल पर मस्जिद बनी थी और इस पर 8 तारीख तक स्टे था। उनका आरोप है कि प्रशासन को पहले कानूनी नोटिस देना चाहिए था और 15 दिन का समय देना चाहिए था। उन्होंने 2012 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल को नहीं गिराया जा सकता।
कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने भी मस्जिद पर बुलडोजर चलाने को गैरकानूनी करार दिया। स्थानीय प्रशासन ने 6 जेसीबी, एक पोकलैंड और हैमर मशीन का इस्तेमाल कर मस्जिद का कुछ हिस्सा गिरा दिया था। मुस्लिम समुदाय ने इस कार्रवाई का विरोध किया है। राधेश्याम सिंह ने कहा कि अगर स्थानीय लोगों ने संयम नहीं रखा होता तो संभल जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच की मांग की है।