महराजगंज। साइबर थाने की पुलिस ने एक बार फिर ठगी के शिकार लोगों का पैसा वापस कराया है। इस कार्यवाही में पुलिस ने सात पीड़ितों को 214100 रुपये उनके खातों में वापस कराया।
एसपी सोमेन्द्र मीना व नोडल अधिकारी साइबर क्राइम थाना-एएसपी आतिश कुमार सिंह साइबर ठगी के मामलों की लगातार मानीटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में सीओ क्राइम अनिरुद्ध कुमार व प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना सजनू यादव के नेतृत्व में ठगी के शिकार लोगों के पैसे वापस कराने की कोशिश शुरू की गई। इस अभियान में सात लोगों को उनका पैसा वापस कराया। पुलिस के अनुसार पीड़ितों को साइबर ठगों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फेक लिंक को क्लिक करने का झांसा देकर, पर्सनल डाटा हैक कर आनलाइन फ्रांड किया था।
इस अभियान में भिटौली निवासी पिंटू जायसवाल का 45000, माधोनगर पनियरा निवासी दिनेश का 8000, देवती सिसवा निवासी ठाकुर का 56000, हरपुर महंथ घुघली की प्रियंका कुशवाहा का 52000, इंदिरा नगर कोतवाली की रूबी जायसवाल का 13000, खुटहा बाजार पनियरा के शिवकुमार का 25000 और कोतवाली के पवन मौर्या का 15100 रुपया वापस कराया।
इन लोगों ने साइबर थाने में ठगी की शिकायत की थी। साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक सजनू यादव की टीम में प्रफुल्ल कुमार यादव, आलोक पांडेय, पियूषनाथ तिवारी, संतोष शर्मा, चंद्रप्रभा वर्मा व गुंजन यादव शामिल रहीं।