महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर अवैध घुसपैठ का मामला सामने आया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बांग्लादेशी नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति के पास कोई वैध पहचान पत्र या यात्रा दस्तावेज नहीं मिले।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय प्रदीप कुमार राय के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले के हिंदू पाड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि वह बिना वीजा और पासपोर्ट के नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहा था। उसके पास से कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला। वह बांग्ला भाषा में बात कर रहा था और हिंदी को भी समझने में सक्षम था। सुरक्षा एजेंसियों ने भाषा की बाधा को दूर करने के लिए दुभाषिए की मदद ली।
इससे पहले भी मार्च 2025 में निचलौल क्षेत्र में एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक सैफुल इस्लाम को अवैध घुसपैठ के प्रयास में गिरफ्तार किया गया था। उसके पास भी भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन मामलों की गहन जांच कर रही हैं और सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।