महराजगंज। घुघली क्षेत्र के मेदनीपुर के मल्ल टोले में तेंदुए का खौफ हो गया है। धूस जंगल के नाम से प्रसिद्ध बागीचे में तेंदुए की धमक महसूस की जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि खेत से लेकर आबादी तक उसकी दहाड़ सुनी गई है। इससे लोग दहशत में आ गए हैं। सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं, वन विभाग इस सूचना को सही नहीं बता रहा है।
कुछ दिनों पूर्व टेढ़वा, खानपुर बरहवा टोले पर तेंदुआ पहुंचा था। अब मेदिनीपुर के मल्ल टोले के सिवान में उसका पदचिह्न लोगों ने देखा है। तेंदुए का डर इस कदर हो गया है कि लोग दिन डूबने से पहले ही घरों में दुबक जा रहे हैं। इस टोले के रामध्यान मल्ल, प्रेम मल्ल, जगदीश मल्ल, संतोष तिवारी, मुन्ना मल्ल ने बताया को इसकी जानकारी वन विभाग को दे दीह गई है। बताया कि तेंदुएं की दहाड़ ने लोगों को खौफ में ला दिया है। डर के कारण कोई अकेले अपने खेत की ओर नहीं जा पा रही है। लोगों ने कहा कि यहां पिजड़ा लगवाकर इसे पकड़ा जाना बेहद जरूरी है।
डिप्टी रेंजर मोहन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पता लगाया गया। लेकिन यह सूचना सही नहीं निकली। जिस बाग में तेंदुए के होने की बात बताई गई, उस बाग में महिलाएं बकरियां चराते मिलीं। इसके बाद भी लोग पिंजड़ा लगवाने की मांग कर रहे हैं।