एसओ कोल्हुई का कहर: दुकानदारों की सरेआम पिटाई, व्यापारियों में आक्रोश

महराजगंज। उपनगर के कोल्हुई तिराहे पर एसओ कोल्हुई ने दो दुकानदारों को सरेआम लाठी-डंडों से पीट दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। एक तरफ व्यापार मंडल द्वारा पुलिस अधीक्षक महाराजगंज से जहां कार्रवाई की मांग की गयी है, वहीं घायल दुकानदारों के साथ व्यापार मंडल आज एसपी से मिलेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी राजन कुशवाहा कोल्हूई बाजार में फुल्की (पानी पूरी) बेचने का कार्य करता है, जबकि राजस्थान निवासी रामलाल सांवरिया कुल्फी बेचने का कार्य करता है। बताया जा रहा है कि दोनों ने शुक्रवार को कोल्हुई बाजार के मुख्य तिराहे पर दुकान लगाई थी। उसी दौरान दोनों दुकानदारों को डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। चौराहे पर दहशत फैल गयी, दुकानदार अपनी दुकान छोड़कर भागने लगे।

इस घटना में दुकानदार राजन कुशवाहा तथा रामलाल दोनों घायल हुए हैं। दोनों का इलाज स्थानीय उपनगर में कराया गया है। सूचना पाकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान एसओ कोल्हुई पर आक्रोश जताया गया है।

इस मामले में उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक से मिलने का मन बनाया है। साथ ही एसओ कोल्हुई पर कार्रवाई करने की मांग की है। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल का कहना है कि जब से एसओ की कोल्हुई में तैनाती हुई है तब से आए दिन उनके द्वारा इसी तरह का उत्पीड़न किया जाता है। जिससे व्यापारियों में काफी आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद कोल्हुई तिराहे पर भारी संख्या में भीड़ जमा रही।

इस संबंध में एसओ कोल्हुई से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि दोनों दुकानदारों ने रोड पर अतिक्रमण किया हुआ था। इसीलिए उनको हटाया गया है। जबकि दुकानदारों का कहना है कि एसओ कोल्हुई ने पहुंचते ही डंडा बजाना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर उद्योग व्यापार मंडल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महाराजगंज से कार्रवाई किए जाने की मांग की गयी है और व्यापार मंडल के लोगों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक महाराजगंज से एक प्रतिनिधि मंडल मिलने का मन बनाया है। इस घटना को लेकर दुकानदारों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।