Maharajganj News : यात्रियों के इंतज़ार में खड़ी रही बसें, नहीं मिली सवारी
21-Oct-2025
Total Views |
महराजगंज। दीपावली से लेकर छठ तक यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए महराजगंज डिपो ने चालक-परिचालक की छुट्टियां रद्द कर रखी हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन निगम की तरफ से प्रभावी आदेश के कारण दीपावली के दिन वाहन चालक व परिचालक महराजगंज बस स्टेशन परिसर में यात्रियों का इंतजार करते रहे, लेकिन त्योहार के दिन यात्रियों के न निकलने के कारण अधिकतर रूट की बसें खड़ी रह गई।
सुबह आठ बजे तक प्रयाग व लखनऊ-दिल्ली रूट से आने वाली बसों से पहुंचे अधिकतर यात्री मुख्यालय व आसपास के रहे जिन्होंने ई-रिक्शा या घर से मंगाए गए वाहनों के सहारे घर की राह पकड़ी।
लेकिन नौतनवां, फरेंदा, गोरखपुर जैसे लोकल रूट की बसें खड़ी की खड़ी रह गई। रोडवेज चालक हरिओम कन्नौजिया गोरखपुर के लिए बस स्टेशन पर वाहन लगाकर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक इंतजार करते मिले। बताया कि हर रोज जहां 10 से 15 मिनट में बस फुल हो जाती थी वहीं आज त्योहार के कारण बहुत सीमित संख्या में यात्री आ रहे जिसके कारण लगभग 3 घंटे से इंतजार कर रहे, लेकिन अभी तक सिर्फ 8 सवारियां ही मिली हैं। आज व कल यात्री कम रहेंगे। बुधवार से वापसी शुरू होने पर ही पर्याप्त यात्री मिलेंगे।