Maharajganj News : शहर की प्यास बुझाने की दिशा में बड़ा कदम ! 13 वार्डों में लगेंगे RO प्लांट
22-Nov-2025
Total Views |
निचलौल। शहर में लगातार बढ़ती जा रही शुद्ध पानी की समस्या नगर पंचायत को बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर रही हैं। पीने के पानी की व्यवस्था के लिए नगर पंचायत की ओर से RO प्लांट की व्यवस्था की जा रही है। शहर के कुल सभी 13 वार्डों में RO प्लांट लगाया जाना है।
प्लांट की स्थापना से 45 हजार से अधिक लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी। साथ ही लोग निःशुल्क में डिब्बे आदि में भर कर पानी घर भी ले जा सकेंगे। प्लांट के लिए नगर पंचायत की ओर से 1.44 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, शहर में गर्मी ही नहीं अन्य मौसमों में भी शुद्ध पेयजल की समस्या बनी रहती है। हालांकि अधिकांश जगहों पर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है लेकिन कुछ जगहों पर पेयजल आपूर्ति को शुरू नहीं की जा सकी है। लोग हैंडपंप से पीने का पानी भरते हैं।
शुद्ध पानी के लिए नगर पंचायत की ओर से आरओ प्लांट से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। 1.44 करोड़ रुपये की लागत से शहर के सभी 13 वार्डों में यह प्लांट स्थापित किया जाएगा।
टैंक लगाने के साथ ही टोटियां भी लगाई जाएंगी। लोग कैन या पात्रों में पानी भर सकेंगे। चौबीस घंटे यह प्लांट संचालित होंगे। प्लांट के रखवाली की व्यवस्था भी नगर पंचायत की ओर से की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने बताया कि बजट मिल चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्लांट लग जाने से लोगों को पानी ले जाने की सुविधा मिलेगी।