Maharajganj News : तेज रफ़्तार का कहर, सुबह सुबह कार की चपेट में आयी महिला की दर्दनाक मौत
24-Nov-2025
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। मृतका के पिता महेंद्र यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
दुर्घटना के समय गोरखपुर–महराजगंज मुख्य मार्ग पर बसहिया खुर्द गांव के पास पूनम यादव (35) सड़क किनारे खड़ी थीं। गोरखपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अचानक पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर कार का टायर फट जाने से उसकी गाड़ी रुक गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चालक को दबोच लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार व चालक को कब्जे में ले लिया।
मृतका पूनम यादव के पति चैतू यादव सऊदी अरब में काम करते हैं। पूनम घर पर अपने दो बच्चों आर्यन 14 और आर्यश 10 के साथ रहती थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और दोनों बच्चे मां की मौत से बेसुध रो रहे हैं। गांव में मातम का माहौल है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है।