Sports News : अब होगा खेल का महासंग्राम ! खिलाड़ियों की हूंकार के साथ सांसद खेल स्पर्धा का तीसरा चरण कल से
07-Nov-2025
Total Views |
महराजगंज। सांसद ग्रामीण खेल स्पर्धा का तीसरा चरण 08, 09 और 10 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। बृजमनगंज ब्लॉक में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के खेल मैदान एवं आदर्श इंटर कॉलेज परसौना कोल्हुई खेल मैदान पर स्पर्धा आयोजित होगी।
घुघली में डीएवी नारंग कॉलेज एवं शिवजपत सिंह इंटर कॉलेज भिटौली में भी स्पर्धा आयोजित की जाएगी। कोई भी खिलाड़ी नजदीकी किसी भी खेल मैदान पर प्रतिभाग कर सकता है।
यह जानकारी ओलंपिक संघ महराजगंज के अध्यक्ष एवं सांसद खेल स्पर्धा महाराजगंज के समन्वयक विंध्यवासिनी सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रथम एवं द्वितीय चरण के सांसद ग्रामीण खेल स्पर्धा में जिन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है, वे इसमें प्रतिभाग नहीं कर सकते हैं। ग्रामीण खेल के विजेता खिलाड़ी विधानसभा खेल में प्रतिभाग करेंगे।
विधानसभा स्तर पर विधायक खेल स्पर्धा 16 नवंबर से पनियरा में महंत अवेद्यनाथ मिनी स्टेडियम श्यामदेउरवा खेल मैदान पर, फरेंदा में 21 नवंबर से मिनी स्टेडियम जयपुरिया के मैदान पर, सिसवा में बापू शताब्दी जहादा कॉलेज के मैदान पर 09 दिसंबर से, नौतनवा में 13 दिसंबर से महंत अवैद्यनाथ मिनी स्टेडियम बरवा कला मैदान पर एवं महराजगंज सदर विधानसभा में 17 दिसंबर से शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम धनेवा–धनेई के मैदान पर आयोजित की जाएगी।