Maharajganj News : एक शख्स… दो पासपोर्ट… दो पहचान! फरेन्दा में पर्दाफाश हुआ चौंकाने वाला खेल
11-Dec-2025
Total Views |
महराजगंज। थाना फरेन्दा क्षेत्र के ग्राम निरनामपूर्वी तिलकहना में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी चौंका दिया है। क्षेत्र निवासी उमेश चंद पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस के अनुसार, उमेश चंद ने जानबूझकर छल-कपट और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पुलिस की जांच के मुताबिक, उमेश चंद का पहला पासपोर्ट (नंबर 18807034) वर्ष 2018 में जारी हुआ था। इसमें में उसका नाम उमेश चंद पुत्र उदय राज, माता का नाम कलावती देवी, पत्नी का नाम प्रमिला और पता निरनामपूर्वी तिलकहना, लोक विद्यापीठ नगर दिखाया गया है।
जबकि दूसरा पासपोर्ट (नंबर AB846636) 31 जुलाई 2025 को बनवाया गया। दूसरे पासपोर्ट में उसने अपना नाम उमेश चंद यादव पुत्र उदय राज यादव, माता का नाम जिनमती और पता भी थोड़ा बदलकर निरनाम पूर्वी, लोक विद्यापीठ नगर अंकित कराया है।
दूसरे पासपोर्ट में पत्नी का जिक्र नहीं है। पासपोर्ट कार्यालय से मिली शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद थाना फरेन्दा के प्रभारी निरीक्षक की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। उच्चाधिकारियों की अनुमति मिलते ही उपनिरीक्षक अख्तर आलम की तहरीर पर उमेश चंद के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा व पासपोर्ट एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया।
फरेंदा थाने के उप निरीक्षक अख्तर आलम का कहना है कि एक ही व्यक्ति द्वारा दो अलग-अलग पहचान के साथ पासपोर्ट बनवाना गंभीर अपराध है। इसकी आड़ में विदेश भागने या अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। दोनों पासपोर्टों को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।