Maharajganj News : बस 200 मीटर थी चौकी, अचानक धानी चौकी के हेड कांस्टेबल की इस तरह हुई रहस्यमयी मौत
22-Dec-2025
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी चौकी पर तैनात 2011 बैच के हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से आकस्मिक मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक हेड कांस्टेबल की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से ग्राम लोहरा, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य धानी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में नियमित चेकिंग एवं गश्त का कार्य पूरा कर बाइक से चौकी वापस लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर पीछे दीवान अनूप तिवारी भी मौजूद थे। चौकी से लगभग 200 मीटर पहले अचानक रामनयन मौर्य के हाथ और पैर में तेज कंपन शुरू हो गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी।
स्थिति को गंभीर होता देख पीछे बैठे दीवान अनूप तिवारी ने तुरंत बाइक रुकवाई और आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. प्रकाश चंद्र चौधरी ने प्राथमिक जांच के बाद हेड कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बृजमनगंज और धानी चौकी के पुलिसकर्मी सीएचसी पहुंच गए। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी गई। अचानक हुए इस निधन से पुलिसकर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, मिलनसार और जिम्मेदार पुलिसकर्मी बताया।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा आगे की छानबीन भी शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।