Maharajganj News : इतिहास रच गया महराजगंज: एम-पैक्स सदस्यता महाभियान में प्रदेश में नंबर-1, सीएम ने किया सम्मानित
22-Dec-2025
Total Views |
महराजगंज। एम पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 में महराजगंज को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर रविवार को लखनऊ में आयोजित सहकारिता विभाग के युवा सहकार सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने यह सम्मान ग्रहण किया।
जनपद में एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 के तहत प्रदेश में सर्वाधिक 1.22 लाख नए सदस्य जोड़ने व 28 हजार किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाया गया, जो कि एक रिकॉर्ड है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सहकारिता विभाग द्वारा बी-पैक्स सदस्यता महाअभियान-2025 का शुभारंभ 12 सितंबर को किया गया था जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक कृषकों को बी-पैक्स (बहु-उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति) से जोड़ा जाना था। इस बार के सदस्यता अभियान का प्रमुख आकर्षण सभी कृषकों को कृषक पंजिका प्रदान कर एक पहचान प्रदान किया जाना था।
जिलाधिकारी की पहल पर जनपद महराजगंज में उर्वरक वितरण को शत-प्रतिशत ‘कृषक पंजिका’ से जोड़ दिया गया है। इससे उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी व सुगम बनाने में काफी मदद मिली। साथ ही किसानों ने इस घोषणा के बाद समितियों का सदस्य बनने में विशेष रुचि दिखाई। तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और समिति के सचिवों को सहकार सारथी के रूप में नामित कर युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया। जिससे सदस्यता अभियान में गति आई।
इसके पूर्व सदस्यता अभियान-2023 में चलाया गया था जिसमें जनपद को 30,000 का लक्ष्य प्रदान किया गया था जिसके सापेक्ष लगभग 36,000 सदस्य बनाए गए थे। वर्तमान सदस्यता महाअभियान-2025 में पुन 30,000 का लक्ष्य जनपद को दिया गया, जिसके सापेक्ष 1,27,000 सदस्य बनाकर जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। जनपद में प्रति पैक्स 1300 से भी अधिक नए सदस्यों को जोड़ा गया, जो कि जनपद में सर्वाधिक रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि एम-पैक्स सदस्यता महाभियान के क्रियान्वयन में जिला सहकारिता आंदोलन के सुदृढ़ीकरण का मॉडल बनकर उभरा है। पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका लाभ किसानों को रबी सीजन में खाद वितरण में भी देखने को मिला। जिले में 96 सहकारी समितियां हैं जो कि सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इन समितियों के माध्यम से किसानों को संगठित कर उन्हें सहकारिता की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था।
एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि समिति के सदस्य बनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण, खाद-बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र, विपणन और विभाग संबंधी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सदस्यता के माध्यम से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में भी सहूलियत प्राप्त हुई। ऑनलाइन सदस्यता सुविधा ने अभियान को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया, जिससे सदस्यता अभियान में युवा किसानों की भागीदारी भी बढ़ी।