Maharajganj News : महराजगंज रोडवेज में यात्री बेहाल: लोकल रूटों पर समय से नहीं मिल रहीं बसें, ठंड में घंटों इंतजार
23-Dec-2025
Total Views |
महराजगंज। स्थानीय रोडवेज स्टेशन पर यात्री सुविधा का अभाव साफ़ नज़र आ रहा है। यहां जिले में गोरखपुर जैसे मुख्य रूटों पर जाने के लिए बस तो मिल रही है। लेकिन सिसवां, निचलौल, ठुठीबारी सहित अन्य लोकल रूटों पर जाने के लिए समय पर बस नहीं मिल रही है। इससे यात्रियों को काफी समस्या हो रही है।
सोमवार को निचलौल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे कमलेश सिंह ने बताया कि एक घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं। लेकिन बस नहीं मिल रही है। पूछताछ काउंटर पर भी सटीक जानकारी न मिलने से समस्या हो रही है। बगल में खडे़ मोहन सिंह ने बताया कि निचलौल जा कर वापस आना है। सोचे की समय से बस मिल गई होती तो ठंड में समय से वापस आ जाते लेकिन बस न मिलने से समस्या हो रही है। आधे घंटे से रोडवेज बस का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन बस नहीं मिलती है।
चौक निवासी पुष्पेंद्र ने कहा कि मेडिकल काॅलेज में रिश्तेदार भर्ती हैं। उन्हीं को देखने गए थे। गोरखपुर जाने के लिए तो आसानी से बस मिल गई है। लेकिन यहां से चौक जाने में काफी समय लग रहा है। ठंड भी बढ़ती जा रही है। लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था न होने से परेशानी हो रही है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने बताया कि सभी रूटों पर समय से बसों का संचालन किया जा रहा है। अगर कहीं समस्या हुई है तो उसका समाधान कराया जाएगा।