Maharajganj News : हैंडपंप घोटाले की बूंद-बूंद से खुलती परतें, 2.17 लाख खर्च, फिर भी गांव प्यासा !
07-Dec-2025
Total Views |
निचलौल। विकास खंड क्षेत्र के मोजरी गांव में हैंडपंप मरम्मत व रिबोर के नाम पर 2.17 लाख रुपये के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। जिम्मेदारों ने चहेती फर्म को छह इंडिया मार्का हैंडपंप की रिबोर और दो की मरम्मत के नाम पर रकम का भुगतान तो कर दिया। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कुछ से पानी ही नहीं निकल रहा है तो कुछ का पानी पीने लायक ही नहीं है।
विभागीय पोर्टल पर रकम भुगतान दर्ज होने के बाद सच्चाई सामने आई तो ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है। ग्रामीण शरीफ ने बताया कि जिम्मेदारों की ओर से गांवों में हैंडपंप रिबोर और मरम्मत के नाम पर दिल खोलकर बजट खर्च किए गए हैं लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव की कुल आबादी करीब चार हजार है।
विभागीय पोर्टल पर 6 इंडिया मार्का हैंडपंप रिबोर और महज दो हैंडपंप मरम्मत कराने के नाम पर 20 जुलाई 2028 को चार बिलों पर कुल 2.17 लाख रुपये का भुगतान एमएस जय मां दुर्गा ऑल सप्लायर को किया गया है। हैरान करने की बात यह है कि पहले बिल पर दो इंडिया मार्का हैंडपंप की मरम्मत के नाम पर 13,840 रुपये का भुगतान किया गया है।
जबकि विभागीय पोर्टल पर भुगतान बिल में लगे दोनों फोटो एक ही इंडिया मार्का हैंडपंप के लगे हैं। दूसरे बिल पर दो इंडिया मार्का हैंडपंप के रिबोर के नाम पर 82,352 रुपये का भुगतान किया गया है। इसी तरह तीसरे बिल पर दो इंडिया मार्का हैंडपंप रिबोर के नाम पर 79,000 रुपये का भुगतान किया गया है। दूसरे और तीसरे बिल में एक ही फोटो को लगाकर रकम का भुगतान कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने आगे कहा कि इंडिया मार्का हैंडपंप रिबोर और मरम्मत पर भारी भरकम रकम खर्च करने के महज दो महीने बाद ही कुछ हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया। जबकि कुछ का पानी इतना दूषित है कि यह पीने लायक ही नहीं है।
ग्राम प्रधान तेजकुमार ने बताया कि गांव में कुल 12 जगहों पर इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हुए हैं। छह इंडिया मार्का हैंडपंप का रिबोर और दो का मरम्मत करीब चार महीने पहले कराया गया था।