Maharajganj News : दरवाजे पर ही खेल रहा था दो साल का मासूम, लेकिन डेढ़ घंटे बाद जो हुआ...

    23-Jan-2026
Total Views |

अड्डा बाजार।
नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव बनवाटारी में घर के पास खेलने के दौरान एक दो वर्षीय बच्चे की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार को दरवाजे पर शाम पांच बजे खेल रहा अरुण चौहान अचानक लापता हो गया।

परिजनों के काफी तलाश करने पर मासूम डेढ़ घंटे बाद पोखरी से अचेत अवस्था में मिला। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बच्चे की की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


गांव के रहने वाले व्यासमुनि मिश्र ने बताया कि राजेश चौहान का दो वर्षीय बेटा अरुण चौहान गुरुवार शाम करीब पांच बजे घर के सामने दरवाजे पर खेल रहा था। इसी बीच मासूम अरुण अचानक लापता हो गया। परिजन दरवाजे पर अरुण को न देख इधर-उधर तलाश करने लगे। लेकिन डेढ़ घंटे तक कहीं पता नहीं चल सका।

इसी बीच पिता राजेश चौहान बेटे को ढूंढते हुए घर के दक्षिण की ओर करीब 20 मीटर की दूरी पर स्थित पोखरी के किनारे पहुंचे। राजेश बेटे को पोखरी में देख बदहवास हो गए। राजेश पोखरी से अचेत बेटे को निकालकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। उससे पहले मासूम की मौत हो चुकी थी। व्यासमुनि मिश्र ने आगे बताया कि राजेश की आर्थिक हालात ठीक नहीं है। वह पल्लेदारी करता है और पत्नी घर पर रहती है।