Maharajganj News : दहेज़ के लिए हैवानियत ! पहले कराया गर्भपात फिर मारपीटकर निकाला घर से, FIR

    24-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज। फरेन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम भगवतनगर परसिया टोला बगलवा निवासी पूजा चौधरी ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट, गर्भपात करवाने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पुलिस ने केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूजा ने आरोप लगाया है कि पति और ससुराल वालों ने लगातार प्रताड़ित किया और 10 दिसंबर 2025 को समस्त स्त्रीधन हड़पकर उन्हें घर से बाहर कर दिया। पूजा चौधरी की शादी 28 मई 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से सिद्धार्थनगर जिले के रामपुर टोला परवानी नगर निवासी संजय चौधरी से हुई थी।


शादी के समय पूजा के पिता उमाशंकर ने तीन लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान दिया था। पूजा ने बताया कि कुछ समय बाद उनके पति संजय, सास मालती, ससुर फूलचंद चौधरी, देवर राकेश और ननद रीता व सीता ने उनके पिता से दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पूजा ने मारपीट का भी आरोप लगाया है।

आरोप है कि मारपीट के कारण अगस्त 2023 में पूजा के गर्भ में पल रहा तीन माह का भ्रूण विकसित नहीं हो सका। घटना के बाद पूजा ने फरेंदा थाने में सूचना दी और पंचायत कराई गई। एक सुलहनामा भी लिखवाया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

थानाध्यक्ष फरेंदा योगेन्द्र राय ने बताया कि आरोपी संजय चौधरी, सास मालती, ससुर फूलचंद, राकेश चौधरी, रीता, सीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।