Maharajganj News : वोटर लिस्ट का काम बना जानलेवा ! महिला बीएलओ से मारपीट, कागजात फाड़े, सड़क पर घसीटने का आरोप

    27-Jan-2026
Total Views |

ठूठीबारी
। मतदाता पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील और जिम्मेदार सरकारी कार्य के दौरान ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के ग्राम ठूठीबारी टोला धर्मोली में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान एक महिला बीएलओ और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट, अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंजू यादव (मंजू देवी), जो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और भाग संख्या 8 की बीएलओ हैं, 26 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे अपने घर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का सरकारी कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके टोले का निवासी कृष्णा पुत्र स्व. प्रेमलाल अपनी पत्नी लक्ष्मी के मतदाता नाम से संबंधित जानकारी लेने आया।


पीड़िता ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार लक्ष्मी के मायके से मतदाता सूची और परिवार रजिस्टर की प्रति उपलब्ध कराने को कहा था। आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था, जिसकी सूचना वह स्वयं कृष्णा के घर जाकर दे आई थीं। इसके बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

आरोप है कि बाद में कृष्णा द्वारा एक सादा कागज दिया गया। जब पीड़िता ने उसे कंप्यूटर से प्रिंट कर लाने को कहा, तो वह आक्रोशित हो गया और धमकी देने लगा। इसी दौरान उसने अपने भाई इंद्र कमल को बुला लिया। दोनों ने मिलकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात छीनकर फाड़ दिए।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनके बाल पकड़कर घर से बाहर पक्की सड़क पर पटक दिया, लात-घूंसे मारे और कपड़े खींचकर अभद्रता की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके वृद्ध पिता के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें नाली में धकेल दिया गया।

इस घटना में पीड़िता को सिर, छाती, गला, पीठ, पेट, कमर और जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें आई हैं। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना ठूठीबारी में कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।