Maharajganj News : सुबह 8 बजे खुलना था अस्पताल, लेकिन नदारद मिले डॉक्टर! CMO के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

    27-Jan-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उस समय सामने आ गयी जब महाराजगंज के सीएमओ डॉ. नवनाद प्रसाद ने मंगलवार को पनियरा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मंसूरगंज का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान स्टाफ नर्स को छोड़कर सभी चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने और तीन दिन में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

डॉ. नवनाद प्रसाद सुबह साढ़े आठ बजे सीएचसी मंसूरगंज पहुंचे। उन्होंने पाया कि ओपीडी के निर्धारित समय (सुबह 8 बजे) के बाद भी कोई डॉक्टर या पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस स्थिति पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।


सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। साथ ही, उन्हें तीन दिन के भीतर अपनी अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। सीएमओ ने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंसूरगंज के निरीक्षण के बाद, सीएमओ सुबह साढ़े नौ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पनियरा पहुंचे। यहां भी स्थिति वैसी ही थी; स्टाफ नर्स को छोड़कर सभी चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय अनुपस्थित मिले।

सीएमओ ने बताया कि अस्पतालों में ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है।