UP Politics : पहला कदम, बड़ा संदेश! प्रदेश अध्यक्ष बनते ही महाराजगंज पहुंचे पंकज चौधरी, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

    06-Jan-2026
Total Views |

UP Politics :
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मंगलवार को अपने गृह जनपद महाराजगंज पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला दौरा था, जिसके कारण पूरे जिले में उत्सव का माहौल रहा। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पंकज चौधरी दोपहर करीब 2:30 बजे श्यामदेउरवा चौराहे पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे 3:25 बजे सेमरा टोल प्लाजा पहुंचे, जहां ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते-गाते हुए उनका अभिनंदन कर रहे थे।


इस दौरान पंकज चौधरी पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के साथ एक खुली कार में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिखे। उनके स्वागत के लिए सदर विधायक, फरेंदा के पूर्व विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष, सिसवा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धीरेंद्र प्रताप सिंह और सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

सभी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि पंकज चौधरी महाराजगंज से सात बार सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गृह जनपद में उनके पहले आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।

पंकज चौधरी के आगमन के मद्देनजर श्यामदेउरवा से लेकर भाजपा कार्यालय तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हर प्रमुख चौराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। जिस मार्ग से वे गुजरे, वहां भाजपा के झंडे, बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए थे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

भाजपा ने हाल ही में पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी, जिससे आने वाले चुनावों में भाजपा को लाभ होगा।