Maharajganj News : फरवरी से गांव-गांव बदलेगी तस्वीर! स्वच्छता की कमान संभालेंगी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
07-Jan-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आगे लाया जा रहा है। अब ये महिलाएं फरवरी माह से अपने-अपने गांवों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी।
जिला प्रशासन और ग्रामीण विकास विभाग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। एक टोली में 12 महिलाओं का चयन होगा। ऐसे ही ब्लॉकवार टोली का चयन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जिले के सभी विकास खंडों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वच्छता, घरेलू साफ-सफाई, ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालय का नियमित उपयोग, खुले में शौच से होने वाली बीमारियां, साफ पानी का महत्व तथा कचरा निस्तारण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इसके स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बाद में गांवों में बैठकें, घर-घर संपर्क, समूह चर्चा और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करेंगी। प्रत्येक ब्लॉक में 30 टोली बनाई जाएगी। जिले में 882 ग्राम पंचायतें हैं।