Maharajganj News: सिसवा में 22 वर्षीय युवक का शव मिला, हाथ में मिली सिरिंज; जांच शुरू

    08-Oct-2026   
Total Views |
महराजगंज। सिसवा नगरपालिका के मीराबाई नगर वार्ड स्थित पोखरा टोला में बुधवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। युवक के हाथ में इंजेक्शन लगाने वाली सिरिंज मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे कुछ राहगीरों ने इंडिया मार्का हैंडपंप के पास एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

निचलौल क्षेत्र के युवक के रूप में हुई पहचान

सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान कराने के साथ मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के गिरहिया गांव निवासी धीरज चौधरी (22), पुत्र राम प्रसाद चौधरी के रूप में हुई है।

घटनास्थल के पास एक पॉलीथिन भी मिली, जिसमें बिस्किट, नमकीन, साबुन, शैंपू और तेल रखा हुआ था। पुलिस इस सामान को भी जांच का हिस्सा मानकर आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
युवक के हाथ में सिरिंज मिलने के बावजूद उसकी मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी संभावित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य के मुताबिक, घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।