Maharajganj News : ‘वादे से पलटी सरकार?’ टेट अनिवार्यता पर संसद में बयान के बाद शिक्षकों का उग्र प्रदर्शन
12-Feb-2026
Total Views |
महराजगंज। टेट अनिवार्यता के प्रश्न पर केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी के संसद में दिए गए बयान के बाद जिले के शिक्षकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शिक्षक भवन के सामने टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री का पुतला फूंका।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान राज्यमंत्री ने कहा था कि शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होगा। सरकार उनके साथ है, जबकि संसद में ठीक इसके विपरीत बयान देना शिक्षकों के साथ धोखा है । वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि अगर सरकार 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट की अनिवार्यता से छूट नहीं देती तो हम दिल्ली तक संघर्ष के लिए मजबूर होंगे ।
जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षक उस समय की जो भी अनिवार्य योग्यता थी, उस आधार पर नियुक्त हुए थे। अब उन पर टेट की अनिवार्यता थोपना सरासर अन्याय एवं उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है।
संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक ने कहा कि जब तक सरकार 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को कानून बनाकर टेट की अनिवार्यता से छूट नहीं देती, तब तक हमारा संघर्ष सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा । पुतला दहन कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष मनौव्वर अली, तहसील प्रभारी सदर सुधाकर राय, सहप्रभारी सतीश गुप्ता, अध्यक्ष नौतनवा राघवेंद्र पांडेय समेत जिले भर के सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे।