Maharajganj News : आपका एप हो गया है पुराना अपडेट कर लीजिये ! बस फिर क्या था हो गया खाता खाली

    16-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में साइबर ठगी का बड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़त के अनुसार, जालसाज ने बैंक का एप पुराना होने की बात कहकर झांसे में लिया और एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर उनके पिता के खाते से चार लाख रुपये उड़ा दिए।

पीडि़त ग्राम पुरंदरपुर सोनबरसा, थाना पुरंदरपुर निवासी जितेन्द्र जायसवाल की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जितेन्द्र ने तहरीर में बताया कि जनवरी माह में उनके मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका एसबीआई का योनो एप पुराना हो गया है। उसे अपडेट कर लें। इसके लिए व्हाट्सएप पर उसने एक फाइल भेजने की बात कही। इसके बाद दूसरे नंबर से उन्हें योनो एसबीआई जैसी दिखने वाली एक एपीके फाइल व्हाट्सएप पर भेजी गई। जितेन्द्र ने फाइल डाउनलोड कर ली।


उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को उनके पिता रामनेवास के बचत खाता से 3,49,980 रुपये और चालू खाता से 50,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह से कुल मिलाकर 3,99,980 रुपये की राशि निकाल ली गई।

बाद में जितेन्द्र को पता चला कि उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। उन्होंने साइबर क्राइम थाना प्रभारी से कार्रवाई की मांग की। साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

कुछ सुझाव जिससे आप साइबर ठगी से बच सकते हैं
* सोशल मीडिया प्रोफाइल को पर्सनल (निजी) मोड पर रखें।
* सार्वजनिक स्थानों पर बैंक आईडी या पासवर्ड टाइप न करें।
* पासवर्ड में भिन्नता रखें और संभव हो तो बायोमैट्रिक का इस्तेमाल करें।
* 10 अंक के सामान्य नंबर से बैंक की तरफ से कॉल नहीं आते हैं।
* जिप और क्यूआर कोड से आपका सिस्टम हैक हो सकता है।
* स्पैम मैसेज फॉरवर्ड न करें, साइबर ठगों की यहां भी सक्रियता होती है।