Maharajganj News : 26°C में ही बढ़ गया खतरा! जिले में धूप की आंच से 17 मरीज डिहाइड्रेशन का शिकार

    17-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में तेज़ धूप और घटती नमी ने अभी से लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। धुप की आंच से लोग डिहाइड्रेशन के शिकार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में डिहाइड्रेशन से परेशान 17 रोगी मिले।

शनिवार को तीन, शुक्रवार को दो और गुरुवार को डिहाइड्रेशन के पांच मरीज पहुंचे थे। चिकित्सकों ने दवा व परामर्श देने के साथ ही मरीजों को भरपूर पानी पीने की सलाह दी। गौरतलब है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार 671 रोगियों का जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों के रोगी अधिक रहे। जबकि 17 रोगी ऐसे रहे जिन्हें समस्या तो अलग-अलग थी लेकिन कारण जांच में एक ही पाया गया।


डिहाइड्रेशन की समस्या से कोई कब्ज की शिकायत लेकर आया था तो किसी को मांसपेशियों में ऐंठन व दर्द की शिकायत हो रही थी। डाॅ. पवन कुमार ने जांच व लक्षण के आधार पर दवा परामर्श देने के साथ भरपूर मात्रा में पानी व अधिक से अधिक तरल पेय लेने की सलाह दी।

डाॅ. पवन ने बताया कि इस माह में धूप लगभग लगातार बनी है, इस वजह से वातावरण में नमी घटी है। लेकिन इस बदलाव के बीच जो लोग सर्दियों की तरह कम पानी पीने की आदत नहीं बदल रहे वह डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं।

इससे मुंह सूखना, होंठ फटना, अत्यधिक थकान, कमजोरी, मांसपेशियों में ऐंठन, दर्द, सांस फूलने व यूरिन का रंग बदलने जैसी समस्या हो रही है। इससे बचने के लिए अधिक से अधिक पानी व इलेक्ट्रोलाइट मेंटेन रखने वाले पदार्थों का सेवन बढ़ाने की सलाह दी जा रही है।

ऐसे करें बचाव
* अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। प्यास न लगे तब भी दो से तीन घंटे के अंतराल पर पानी पीते रहें।
* नारियल पानी, मौसमी जूस डिहाइड्रेशन बढ़ाने में कारगर है। इसका सेवन बढ़ाएं।
* फलों में संतरा, गाजर, पपीता व सेब का सेवन करें।
* अधिक देर तक धूप सेंकने से बचें क्योंकि अब धूप तल्ख होगी।
* बिना जांच व चिकित्सक सलाह के उपचार न शुरू करें।