Maharajganj News : माह-ए-रमजान में बढ़ी खजूर की डिमांड ! 15 तरह के खजूर से सजा बाजार

    20-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
चांद रात होने के बाद गुरुवार को रमजान का पहला रोजा शुरू हुआ। मस्जिदों में जहां तरावीह (विशेष) नमाज पढ़ी जा रही है। साथ ही घरों में 5 वक्त के नमाज का सिलसिला अकीदतमंद शुरू कर चुके हैं।

सहरी और इफ्तार के खास इंतजाम किए जा रहे हैं, इससे बाजार गुलज़ार दिख रहे हैं। फल, सेंवई और मेवा की बिक्री शुरू है। साथ ही खजूर की 15 किस्में खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं।

फरवरी में रमजान का महीना लगभग 10 वर्ष के आया है। इस समय हल्की ठंड के बीच बाजार में भरपूर मात्रा में खजूर की उपलब्धता है। सर्दियों में इफ्तार के लिए फलों के साथ खजूर की बिक्री भी जबरदस्त देखी जा रही है। कारण कि इसकी तासीर गर्म होने के साथ ही यह त्वरित ऊर्जा देने वाले सूखे फलों में शामिल है। रमजान के बाजार में करीब 15 तरह के खजूर उपलब्ध हैं।


सक्सेना चौक के निकट सूखा मेवा व खजूर की दुकान संचालित कर रहे असलम ने बताया कि दुकान पर 300 से लेकर 2000 रुपये प्रति किलो की रेंज वाले खजूर उपलब्ध हैं। बिक्री में अभी कीमिया खजूर सब पर भारी है। खजूर की बिक्री मंगलवार से हो रही है। गुरुवार को करीब 13 किलो कीमिया खजूर दोपहर तक बिके। मुस्तफा की दुकान भी सक्सेना चौक के आगे है।

रोजा इफ्तार में खजूर का विशेष महत्व होने के कारण इसकी मांग अधिक है। व्यापारियों के अनुसार, इस बार सऊदी अरब, दुबई, ईरान और इराक से खजूर की कई वेराइटी आई हैं। इनमें मेडजोल, अजवा (स्माल व जंबो), कलमी, अंबर, मबरूम, सुखरी, रब्बी, कीमिया, फर्द, डिग्लेटनूर, सगई, सफावी और मरियम जैसी प्रीमियम किस्में शामिल हैं।