Maharajganj News : बदलते मौसम का कहर ! बुखार के साथ घट रही प्लेटलेट्स, डॉक्टर ने कही ये बात

    20-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। इसके चलते लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। सर्वाधिक समस्या वायरल फीवर में प्लेटलेट्स घटने की आ रही है। गुरुवार को 26 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। जांच में 12 मरीजों में प्लेटलेट्स कम मिला। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर परामर्श दिया।

जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को 665 रोगियों का उपचार हुआ। इसमें अधिकतर वायरल व डायरिया पीड़ित रहे। 12 बुखार पीड़ित ऐसे मिले जो बुखार के बीच घटते प्लेटलेट्स से फिक्रमंद थे कि कहीं उनका बुखार मच्छर जनित तो नहीं।


डाॅ. पवन कुमार ने मरीजों की जांच कर रिपोर्ट के आधार पर परामर्श दिए। बताया कि साधारण बुखार भी रक्त प्लेटलेट्स को प्रभावित कर सकता हैं। हालांकि प्लेटलेट्स उतनी संख्या में नहीं कम हो रहे कि खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो, लेकिन सचेत रहने की हिदायत व खानपान में सुधार की सलाह दी जा रही है।

समय-समय पर बुखार का स्वरूप विभिन्न कारणों से बदलता है। वायरल फीवर जो इन दिनों हो रहा उसमें प्लेटलेट्स कुछ कम मिल रहे हैं। इसमें घबराने की जरूरत नहीं है।

ऐसे करें बचाव
*सर्दी-गर्मी से बचकर रहें।
*अंकुरित अनाज भरपूर मात्रा में प्रयुक्त करें।
*फलों में प्लेटलेट्स सहेजने के गुण होते हैं। फल व सलाद खूब प्रयोग करें।
*जांच व परामर्श के बाद उपचार शुरू करें।