Maharajganj News : यहाँ दस साल से ठप है बस सेवा, सवा दो लाख आबादी परेशान
23-Feb-2026
Total Views |
घुघली। क्षेत्र में परिवहन सुविधा दम तोड़ चुकी है। बासपार मिश्र सहित करीब एक दर्जन गावों की आबादी के लिए परिवहन की सुविधा 10 साल से बंद पड़ी है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी हो रही है। लोगों को बस सेवा के लिए घुघली तक आना पड़ रहा है। इससे लोगों को ज्यादा रकम खर्च कर यात्रा करनी पड़ रही है।
सपा सरकार में विधायक रहे सुदामा प्रसाद के गांव बासपार मिश्र से वर्ष 2012 में यात्री सुविधा को देखते हुए रोडवेज बस का संचालन शुरू हुआ था लेकिन सरकार जाते ही बस सेवा को आर्थिक नुकसान दिखाकर बंद कर दिया गया। इससे लोगों को आने-जाने में टेंपो व टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है।
लोगों का आरोप है की टेंपो चालक मनमाना किराया वसूलते है। बसंतपुर गांव निवासी शैलेश शर्मा, राम नवल, प्रदीप सिंह, परसौनी निवासी अरुण सिंह आदि लोगों ने बताया कि रोडवेज का संचालन नहीं होने से पेरशानी हो रही है।
पहले यहां से गुजरती थी बस बासपार मिश्र से 10 वर्ष पूर्व संचालित होने वाली बस ढेकही चौराहा से परसौनी तिराहा से होते हुए बसंतपुर बाजार से रामपुर वलडीहा होते हुए पुरैना के रास्ते शिकारपुर होते हुए महाराजगंज होकर गोरखपुर तक जाती थी। अब इस बस सेवा से बंद हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोरखपुर व महराजगंज के लिए सरकारी बस नहीं बासपार मिश्र बस सेवा बंद होने से लगभग सवा दो लाख आबादी प्रभावित है। इतनी आबादी के लिए आज तक सरकारी बस की कोई सुविधा नहीं। इस संबंध में कोई जन प्रतिनिधि भी आगे नहीं आया।
किसान नेता रमाकर कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि एक परिवहन बस सेवा खुशहालनगर से महाराजगंज तक है। वह बस भी कभी-कभार ही आती है।