Maharajganj News : आधी रात का सन्नाटा… कमरे में फंदे से लटकी मिली महिला की लाश
23-Feb-2026
Total Views |
सिंदुरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव नरायणपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब क्षेत्र निवासी ऊषा देवी का शव शनिवार की रात फंदे के सहारे लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासिनी ऊषा देवी (38) का रात में पति मोहन से किसी बात को लेकर बात विवाद हो गया। दोनों खाना खाकर अलग-अलग सोने चले गए। महिला जिस कमरे में सोई थी। उसमें ऊपर मचान बनाकर बांस और अन्य सामान रखे गए थे।
महिला ने बांस में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह पति ने उठकर देखा तो पत्नी उषा का शव फंदे से लटका मिला। शव देखते ही उसने शोर मचाया। कुछ देर बाद ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में शोक के साथ ही तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। ऊषा के 20 व 16 वर्ष के दो पुत्र हैं।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।