Maharajganj News : एक्शन मोड में एएसपी, परेड में जवानों की परखी गई तैयारी

    25-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज की पुलिस लाइन में मंगलवार को सख्त अनुशासन का नजारा देखने को मिला, जब अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। परेड के दौरान उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार ड्रिल तथा शस्त्र कवायद ड्रिल का आयोजन कराया। उन्होंने स्वयं ड्रिल का अवलोकन किया और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया।


इसमें गणना कार्यालय, पीआरवी, वाहन शस्त्रागार, मेस, सब्सिडियरी कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, क्वार्टर गार्ड आदि शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पाई गई छोटी-मोटी कमियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश जारी किए गए।