Maharajganj News : शादी का वादा, फिर मुकर गया 'वो'… परतावल में युवती ने दर्ज कराये गंभीर आरोप

    25-Feb-2026
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ दुष्कर्म और बाद में शादी से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, युवती (22) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि गांव के ही घनश्याम विश्वकर्मा से उसका संपर्क था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों परिवारों की आपसी सहमति से उनकी शादी भी तय कर दी गई थी। शादी तय होने के बाद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा।


पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। युवती का कहना है कि वह पूरी तरह इस विश्वास में थी कि जल्द ही दोनों का विवाह हो जाएगा लेकिन अब आरोपी युवक अपने वादे से मुकर गया है। युवती के अनुसार, जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।

इतना ही नहीं, उसने धमकी भी दी कि यदि इस बात की जानकारी किसी को दी या शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार काफी दहशत में हैं। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।