Maharajganj News : इंडियन ऑयल में मिलने वाली थी नौकरी ! फिर उसके साथ हो गया ये कांड

    25-Feb-2026
Total Views |

परतावल
। परतावल में नौकरी दिलाने के नाम पर क्षेत्र के एक युवक से डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसहियां बुजुर्ग टोला नेवाजीबारी निवासी विद्यासागर प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पहचान करीब तीन वर्ष पूर्व बलिया जनपद के गोनिया छपरा निवासी विशाल सिंह से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड मथुरा में कार्यरत बताया और यह भी कहा कि उसके बड़े भाई कंपनी में एचआर पद पर हैं। ऐसा कहते हुए भरोसे में लेकर उसने पीड़ित को नौकरी दिलाने का झांसा दिया।


पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी ने फोन कर कंपनी में भर्ती निकलने की बात कही और नौकरी लगवाने के लिए 1.50 लाख रुपये की मांग की। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने सबसे पहले एक हजार रुपये फार्म भरने के नाम पर गूगल पे के माध्यम से भेज दिए। इसके अगले दिन आरोपी ने व्हाट्सएप पर कथित जॉइनिंग लेटर भेजकर शेष धनराशि जल्द भेजने का दबाव बनाया।

विश्वास में आकर पीड़ित ने कई किश्तों में कुल 1,47,300 रुपये आरोपी के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि 1,48,300 रुपये मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया और पीड़ित को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद से न तो कोई संपर्क हो पाया और न ही नौकरी मिली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।