Shikhar Dhawan Settlement : शादी के जश्न के बीच शिखर धवन को कोर्ट से बड़ी राहत, एक्स वाइफ को लौटाने होंगे 5.72 करोड़

    25-Feb-2026
Total Views |

Shikhar Dhawan Settlement
: टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ दूसरी शादी रचाई। इस ग्रैंड शादी में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। इस ख़ास समारोह में रोहित शर्मा, राहुल द्रविड़, इरफान पठान और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ी नजर आए। शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहीं।

शादी की खुशियों के बीच धवन को कोर्ट से भी राहत मिली है। दिल्ली के फैमिली कोर्ट ने उनकी एक्स वाइफ आएशा मुखर्जी को करीब 5.72 करोड़ रुपये लौटाने का आदेश दिया है। बता दें कि धवन और आयशा का साल 2023 में तलाक हो गया था। तलाक के बाद से दोनों के बीच पैसों और संपत्ति को लेकर कानूनी मामला चल रहा था।


आयशा, जो ऑस्ट्रेलिया की नागरिक हैं, ने वहां की फैमिली कोर्ट में प्रॉपर्टी सेटलमेंट के लिए केस किया था। ऑस्ट्रेलिया में नियम है कि शादी के दौरान कमाई गई संपत्ति का बंटवारा किया जाता है। उसी नियम के तहत धवन को 5.72 करोड़ रुपये देने का आदेश दिया गया था।

दिल्ली की कोर्ट ने ऑस्ट्रेलिया के इस आदेश को भारत में मान्य नहीं माना। कोर्ट का कहना है कि भारतीय कानून, खासकर हिंदू मैरिज एक्ट, 1955, में ऐसा कोई सीधा नियम नहीं है जिसमें इस तरह से संपत्ति ट्रांसफर करने का प्रावधान हो। इसी वजह से अदालत ने ऑस्ट्रेलिया के आदेश को यहां लागू करने से इनकार कर दिया और आयशा मुखर्जी को पूरी रकम धवन को लौटाने के लिए कहा।