Maharajganj News : 15 दिन पहले से यहाँ गिरा है पेड़ ! हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

    25-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
सिंदुरिया स्थित बैंक रोड पर पंद्रह दिन पहले सड़क किनारे गिरा पेड़ अभी तक वहीँ है उसे अभी तक हटाया नहीं गया है। इससे क्षेत्र में लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लेकिन जिम्मेदार संबंधित विभाग अब तक इसको लेकर बेपरवाह हैं।

सिंदुरिया चौराहा निवासी संजय गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सुधीर मद्धेशिया, ओम प्रकाश जायसवाल आदि ग्रामीणों का कहना है कि सिंदुरिया स्थित बैंक रोड पर नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे की जमीन खोदे जाने से जगह जगह मोटे-मोटे पेड़ गिरे पड़े हैं।


डाल व टहनियों को लोगों ने किसी तरह काटकर आवागमन बहाल किया लेकिन बाकी हिस्सा अब भी सड़क के किनारे गिरा पड़ा है। इससे रात के अंधेरे में पैदल व साइकिल सवार सहित अन्य राहगीर इससे टकरा जा रहे हैं। यदि इसे शीघ्र काटकर नहीं हटाया गया तो कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। दक्षिणी चौक के रेंजर ऋषभ नायक का कहना है कि सड़क पर गिरे पेड़ नीलामी प्रक्रिया में हैं। इन्हें जल्द ही हटा लिया जाएगा।