Maharajganj News : सील स्पा सेंटर में फिर हलचल! छापे में पकड़े गए युवक-युवतियां, पहचान पत्रों पर नया मोड़
26-Feb-2026
Total Views |
फरेंदा। कस्बे के बाईपास पर स्थित सील किए गए स्पा सेंटर में एक बार फिर कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सेंटर से बरामद तीन युवती व एक युवक को जांच के बाद पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवतियों के पास से बरामद कागजात सही पाए गए। जबकि एसडीएम की जांच में आधार कार्ड फर्जी होने की बात कही गई थी। अभी भी उनके पास से बरामद पहचान पत्रों की जांच की जा रही है।
फरेंदा कस्बे के बाईपास पर अवैध रूप से कंफर्ट स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। संचालन के लिए आयुष व फायर विभाग से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। मामले की सूचना पर मंगलवार को एसडीएम शैलेंद्र गौतम के साथ तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा व पुलिस प्रशासन के साथ छापा मारा गया। मौके से तीन युवतियों व एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पुलिस को सौंपा गया।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों के पहचान पत्रों की जांच करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि स्पा सेंटर से बरामद युवती व युवक के पहचान पत्र जांच में सही पाए गए हैं। वे गोरखपुर में रहती हैं। उनको चेतावनी देने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटर को जनवरी माह में एसडीएम शैलेंद्र गौतम व सीओ ने छापा मारकर सील कर दिया था। उस दौरान भी स्पा सेंटर पर काम करने वाले लोगों से पहचान पत्र मांगा गया था जो न दिखा पाने के कारण सेंटर को सील करने की कार्रवाई की गई थी। पुन: बिना किसी अनुमति पत्र के स्पा सेंटर पुन: संचालित होने की सूचना पर मंगलवार को छापेमारी की गई।