Naharajganj News : जिला अस्पताल में बढ़ी आंखों के मरीजों की कतार, डॉक्टरों ने दी चेतावनी, बताई ये बातें

    26-Feb-2026
Total Views |

महराजगंज।
जबसे मौसम ने रुख बदलना शुरू किया है लोगों की सेहत डगमगाने लगी है। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में इन दिनों मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। पिछले एक सप्ताह से ओपीडी में रोजाना 50 से 60 मरीज आंखों की जांच कराने पहुंच रहे हैं। जबकि पहले यह संख्या 25-30 थी। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष निगम ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण आंखों पर सीधा असर पड़ने से एलर्जी संबंधी शिकायतें बढ़ गई हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सबसे ज्यादा मरीज आंखों में एलर्जी की समस्या लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा मोतियाबिंद की जांच और चश्मे की नई संख्या चेक कराने वाले मरीज भी नियमित रूप से पहुंच रहे हैं। मौसम परिवर्तन के चलते आंखों में खुजली, लालिमा और पानी आना जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।


रोजाना 50-60 मरीज इसी तरह की एलर्जी से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। यह समस्या विशेष रूप से धूल, प्रदूषण और मौसमी पराग के बढ़ने से जुड़ी हुई है, जो शुष्क या बदलते मौसम में आंखों की नमी को प्रभावित करती है और एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस जैसी स्थिति पैदा करती है।

डॉक्टरों के अनुसार, मौसम का यह बदलाव जिले में देखा जा रहा है। शुष्क हवा और तापमान में उतार-चढ़ाव से आंखों की सतह पर असर पड़ता है। इससे आंसू फिल्म अस्थिर हो जाती हैं, जिसके परिणामस्वरूप जलन, सूजन और असहजता बढ़ जाती है। जिला अस्पताल में नेत्र विभाग की ओपीडी सुबह से दोपहर तक मरीजों से भरी रहती है। यह संख्या सामान्य दिनों से काफी अधिक है।

डॉक्टर मनीष निगम ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि आंखों की सुरक्षा के लिए कुछ सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं।

ऐसे करें बचाव
*आंखों को नियमित रूप से ठंडे साफ पानी से धोएं, इससे एलर्जी और धूल साफ हो जाती है।
* धूप, धूल और प्रदूषण वाली जगहों से बचें, बाहर निकलते समय चश्मा या सनग्लास जरूर पहनें।
*आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे समस्या और बढ़ सकती है।
* घर में खिड़कियां बंद रखें, खासकर सुबह और शाम के समय।
*यदि आंखों में लगातार तकलीफ हो रही है, तो स्वयं दवा न लें बल्कि तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।