Gorakhpur News : जिसे सौंपा था ‘मां’ का दर्जा, वही बन गई कातिल! एक महीने में उजड़ गया त्रिवेणी का संसार
26-Feb-2026
Total Views |
पिपराइच। इलाके में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरा इलाका दहशत में है। त्रिवेणी को क्या पता था कि बेटी अदिति उर्फ लाडो की देखभाल के लिए की गई दूसरी शादी ही उसकी मासूम की जान ले लेगी। इस घटना ने पूरे परिवार और क्षेत्र को सदमे में डाल दिया।
मंगलवार की शाम काम से लौटा त्रिवेणी अपनी बेटी लाडो के लिए चाकलेट लाया था। आरोप है कि पूजा ने वह चॉकलेट खुद खा ली। इस बात पर पिता ने पूजा को जमकर डांट लगा दी। इसके बाद दोनों में काफी देर तक विवाद होता रहा।
देर रात में पूजा की बहन का फोन आ गया तो त्रिवेणी फोन पर पूजा की उलाहना देते हुए घर के बाहर निकला और लघुशंका के लिए चला गया। इधर, नाराज पूजा सो रही बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और घर से भाग निकली। इसी बीच त्रिवेणी अंदर पहुंचा बेटी का शव और कमरे में फैले खून को देखकर शोर मचाया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपिता ने बताया कि त्रिवेणी द्वारा बेटी को ज्यादा प्यार करने से वह नाराज थी। बात-बात पर वह बेटी के लिए उसे डांटते थे। जबकि एक महीने पहले ही उसे शादी कर घर लाए थे। लेकिन, उसे प्यार नहीं करते थे। इसलिए वह बदला लेना चाहती थी।
सहजनवा के रानूखोर निवासी राम नवल मौर्य की चार बेटियों में पूजा तीसरें नंबर की है। पूजा और त्रिवेणी की यह दूसरी शादी थी। सबसे छोटा भाई भारतेंदु मौर्य है जो रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। पूजा को पहली शादी से भी कोई बच्चा नहीं था। रिश्तेदारों के कहने पर और मासूम लाडो की देखभाल करने के लिए त्रिवेणी ने पूजा से शादी की थी।