Gorakhpur News : आने वाले त्योहारों पर मीठा या जहर? गोरखपुर में छापेमारी से खुला सड़ी मिठाइयों का बड़ा खेल!

    27-Feb-2026
Total Views |

Gorakhpur News
: आने वाले त्योहारों को देखते हुए गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। तीन अलग-अलग टीमों ने शहर के अलग अलग इलाकों में छापेमारी कर करीब 10 कुंतल फफूंद लगी और खराब मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया।

इतना ही नहीं बड़ी मात्रा में मिठाई बनाने का सामान जब्त किया गया। विभाग ने आशंका जताई है कि खराब मिठाइयों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी थी।

हार्बर्ट बांध के किनारे स्थित रामेश्वर पापड़ी एवं चिक्की प्रतिष्ठान पर जब छापा मारा गया तो करीब 10 कुंतल खराब और फफूंद लगी मिठाइयां बरामद हुईं। आशंका है की इनको दोबारा पैक कर बेचने की पूरी तैयारी थी। इन ख़राब मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।


अधिकारियों के अनुसार प्रतिष्ठान में इन मिठाइयों का भंडारण किया गया था ताकि त्योहारों पर इन्हे बेच सके। मामले में कारोबारी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी अभियान के तहत शास्त्री चौक पर जांच के दौरान उरुवा भेजे जा रहे एक वाहन को रोका गया, जिसमें करीब छह कुंतल मिठाई बनाने का सामान मिला। जब्त किए गए सामान में डेढ़ कुंतल खोवा भी शामिल है। टीम ने संदेह के आधार पर पूरे माल को कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खबरें तो यह भी है कि कैम्पियरगंज स्थित जेपी ट्रेडर्स से मैदे का नमूना लिया गया और करीब 21 हजार रुपये मूल्य का मैदा सीज किया गया। इसके अलावा समृद्धि इंटरप्राइजेज, हार्बर्ट बांध से टॉफी का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। मोटी सेंवई और बेसन के नमूने भी प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। यदि जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल तो त्योहारों के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।