Maharajganj News : डांट से टूटा नन्हा दिल… 12 साल की बच्ची ने उठा लिया खौफनाक कदम
16-Mar-2026
Total Views |
ठूठीबारी। सुकरहर गांव में एक दुखद हादसा सामने आया है जहाँ परिजनों की डांट से आहत एक किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम छा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रीति कक्षा पांचवीं की छात्रा थी।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा सुकरहर निवासी संतोष गुप्ता की पुत्री प्रीति (12) शनिवार की शाम गांव में होने वाले यज्ञ के लिए अपने पड़ोस की लड़कियों के साथ कलश लेने गई थी। बताया जा रहा है कि देर से घर लौटी तो परिजनों ने डांट दिया।
शनिवार की रात करीब नौ बजे जब बिजली चली गई तो परिवार के लोग खाना लेकर छत पर खाने चले गए। इसी दौरान प्रीति छत से नीचे उतर घर में रखे बॉक्स पर चढ़ छत की कुंडी में साड़ी का फंदा गले में लगाकर लटक गई। परिजन जब छत से नीचे उतरे तो घर में छत की कुंडी से प्रीति को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।
आनन-फानन में परिजनों ने प्रीति को फंदे से नीचे उतारा और निचलौल सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।