Maharajganj News : रहस्यमयी तरीके से गायब 76 सिलेंडर, पुलिस भी नहीं ढूंढ पाई सुराग
16-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से शुक्रवार की रात 12 भरे और 64 खाली सिलेंडर रहस्यमयी परिथितियों में गायब हो गए। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने रविवार को मामले की जांच की लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
ऐसे में पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या बिना किसी वाहन के 76 सिलिंडर ले जा पाना संभव है?
जानकारी के अनुसार, मिठौरा इंडेन गैस सर्विस की संचालक अस्मिता चंद ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर चौक थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में स्थित अपने गोदाम का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात में 12 भरे और 64 खाली सिलेंडरों की चोरी होने की शिकायत की थी।
गैस सिलेंडरों की किल्लत के दौरान इतनी बड़ी चोरी को लेकर पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए थे। प्राथमिकी दर्ज करने से पहले मामले की जांच-पड़ताल करने क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और थानाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने वहां जाकर घटनास्थल का गंभीरता से मुआयना भी किया।
शुक्रवार को मिश्रौलिया स्थित गोदाम पर अपराह्न तीन बजे तक पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं में सिलेंडर बांटा गया। गोदाम इंचार्ज नागेंद्र यादव का कहना है कि वे रोज की तरह गोदाम बंद करवाकर अपने गांव सिवली चले गए थे। इतना ही नहीं गोदाम पर तैनात चौकीदार भी किसी जरूरी काम से अपने घर चला गया था।
चौक थानाध्यक्ष बसंत सिंह का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में भारी सिलेंडरों की चोरी बिना वाहन के संभव नहीं दिखती, लेकिन अब तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।