Maharajganj News : गैस की किल्लत से हाहाकार… सिलेंडर न आने पर खाली हाथ लौटे लोग, एजेंसी पर उमड़ी भीड़
16-Mar-2026
Total Views |
नौतनवा। एलपीजी गैस की बढ़ती किल्लत के बीच रविवार को गैस सिलेंडर की गाड़ी न पहुँचने से लोगों को गोदाम से मायूस घर वापस जाना पड़ा। वहीं एजेंसी कार्यालय पर बुकिंग कराने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
बता दें कि बिना बुकिंग कराए गैस की डिलीवरी न मिलने की सूचना के बाद से ही प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग नौतनवा इंटर कॉलेज के पास स्थित गैस एजेंसी कार्यालय पर बुकिंग कराने के लिए पहुंच जा रहे हैं। सुबह के 6 बजे से ही लोगों को कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते देखा जा रहा है।
तीन दिनों पूर्व बुकिंग नहीं हो पाने के कारण आवेश में आए लोगों ने चक्का जाम भी कर दिया था। इसके बाद से ही पुलिस अलर्ट है। प्रतिदिन कार्यालय और गोदाम पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जा रही है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ गैस की बुकिंग कराने को उमड़ी रही।
मौके पर पहुंचे लोगों का कहना था कि गैस की समस्या खड़ी होने के बावजूद गैस गाड़ी न भेजा जाना जिम्मेदारों की लापरवाही है। रविवार को गैस नहीं आया और सोमवार को एजेंसी का साप्ताहिक अवकाश है यदि इस दिन भी गैस नहीं बांटा गया तो मंगलवार को फिर लोगों की भारी भीड़ गैस के लिए उमड़ने की संभावना है।