Politics News : काला झंडा विवाद ने पकड़ा तूल: किसान धर्मराज की गिरफ्तारी पर उबाल, रिहाई की मांग तेज
17-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में बीते 16 मार्च को मंत्री ओपी राजभर के कार्यक्रम के दौरान काला झंडा दिखाने के आरोप में गिरफ्तार हुए किसान धर्मराज चौरसिया की रिहाई की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को जनहित किसान पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी का कड़ा विरोध जताया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास ने जिलाधिकारी को एक पत्र सौंपकर धर्मराज चौरसिया को तत्काल रिहा करने की मांग की। पार्टी पदाधिकारियों ने धर्मराज चौरसिया को जेल भेजे जाने पर आक्रोश व्यक्त किया।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर मंत्री ओपी राजभर के इशारे पर धर्मराज चौरसिया के साथ मारपीट की गई और उन्हें गालियां दी गईं।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके महापुरुष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया तथा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर अपमानित किया गया।
जनहित किसान पार्टी का कहना है कि घटना में घायल हुए धर्मराज चौरसिया को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। हालांकि, यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी जान बचाई थी।
पार्टी ने मांग की है कि धर्मराज चौरसिया को तुरंत रिहा किया जाए और मारपीट तथा अभद्रता में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी ने यह भी बताया कि घटना का वीडियो विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता है।